Rewa News : रीवा में चिरहुला कॉलोनी के हनुमान मंदिर में तोड़फोड़, लोगों में आक्रोश

Monday, 2 March 2026

/ by BM Dwivedi

रीवा शहर के चिरहुला कॉलोनी क्षेत्र में सोमवार सुबह अजय मेमोरियल स्कूल के पास स्थित वर्षों पुराने हनुमान मंदिर में तोड़फोड़ की घटना ने स्थानीय लोगों में हड़कंप मचा दिया। अज्ञात बदमाशों ने मंदिर परिसर में स्थापित हनुमान जी की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर खंडित कर दिया। स्थानीय निवासियों के अनुसार यह मंदिर काफी पुराना है, जहां आसपास के लोग नियमित रूप से पूजा-अर्चना करते हैं। 

सुबह पूजा के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं को प्रतिमा खंडित अवस्था में मिली, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और आक्रोश व्यक्त किया। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति नियंत्रित की, क्षेत्र में अतिरिक्त बल तैनात किया और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी। घटना के बाद लोगों में भारी रोष है तथा आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की जा रही है, हालांकि पुलिस और प्रशासन की समझाइश से माहौल अब नियंत्रण में है। बिछिया थाना प्रभारी मनीषा उपाध्याय ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। प्रशासन ने सभी नागरिकों से शांति व संयम बनाए रखने की अपील की है।

No comments

Post a Comment

Don't Miss
©|Rahiye Update| All Rights Reserved