रीवा रेलवे स्टेशन पर लोहरिया समाज के 500 से अधिक लोग अचानक पहुंच गए, जिससे पूरी व्यवस्था चौपट हो गई और प्लेटफॉर्म पर भारी भीड़ जम गई। ये लोग छत्तीसगढ़, बिहार, यूपी के मानिकपुर सहित विभिन्न स्थानों से रीवा आए थे।
दरअसल गुढ़ इलाके में एक सामूहिक शादी समारोह में करीब 10 जोड़ों की शादी हुई थी। समाज के लोग इस समारोह के लिए लगभग एक माह पहले रीवा पहुंचे थे और अब वापसी के लिए अचानक स्टेशन पहुंच गए। उन्होंने साइकिलों और गृहस्थी के अन्य सामान सहित पूरे प्लेटफॉर्म पर कब्जा कर लिया, जिससे अन्य यात्रियों को ट्रेन की बोगी तक पहुंचने में भारी दिक्कत हुई। स्थिति बेकाबू होते देख रेलवे प्रबंधन ने तुरंत जीआरपी और आरपीएफ को सूचना दी।
पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए समाज के लोगों को प्लेटफॉर्म से बाहर खदेड़ा और व्यवस्था बहाल की। मानिकपुर जाने वाले लोगों को आनंद विहार ट्रेन में बैठाकर रवाना किया गया, जबकि बिहार जाने वाले करीब 200 लोगों को शटल ट्रेन से सतना भेजा गया, जहां से वे आगे की ट्रेन पकड़कर अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। कुछ लोगों को पहले ही भेज दिया गया था। पुलिस और रेलवे अधिकारियों ने मिलकर स्थिति को नियंत्रित किया और यात्रियों को सुरक्षित रवाना किया।

No comments
Post a Comment