रीवा विधायक पर महापौर को तंज कसना पड़ा भारी, भाजपाइयों ने लगाई आरोप-प्रत्यारोप की झड़ी

Monday, 5 December 2022

/ by BM Dwivedi

नगर निगम बना राजनीत का अखाड़ा, दर्शक बनी जनता

राजनीति का प्रथम पहलू ही एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाना और जनता को अपनी ओर आकर्षित करना माना जाता है। कहते है कि जनता को जो व्यक्ति जितना गुमराह कर अपना स्वार्थ सिद्ध कर ले वह उतना ही बड़ा नेता माना जाता है, चाहे वह किसी भी राजनैतिक दल का ही क्यों न हो। राजनीति के इसी दांव पर कांग्रेस का दामन थाम कर अजय मिश्रा बाबा चले और पार्षद से लेकर महापौर तक का सफर तय कर गये। महापौर की कुर्सी पर बैठ कर उन्होंने सीधे रीवा के भाजपा विधायक राजेंद्र शुक्ला को निशाने पर ले लिया और बीच-बीच में तंज कसते चले गये। हाल ही में पत्रकारवार्ता आयोजित कर महापौर ने अपने चार माह के कार्य का बखान कर  यहां तक कह डाला कि रीवा विधायक पहले अपनी गिरेबां को झांके। ऐसा नहीं कि महापौर अजय मिश्रा बाबा की आवाज रीवा के भाजपा विधायक राजेंद्र शुक्ला के कानों तक नहीं पहुंची होगी। परंतु वह अपने स्वभाव के अनुसार चुप्पी साधे हुये है, संभवत: वह राजनीति के मैदान में महापौर की गिनती अपनी बराबरी में नहीं करते। लेकिन भाजपाई को महापौर का बयान गले से नहीं उतरी और एक के बाद एक भाजपाई महापौर अजय मिश्रा बाबा पर  बौछारों की झड़ी लगा दी।

इसे भी देखें : कांग्रेस पार्टी ने हमेशा ही रीवा की जनता से की है नफरत, जानिए क्यों पूर्व महापौर ने लगाए ये आरोप

जनता से किये वादों को प्रबोध व्यास ने दिलाई याद

वैसे तो प्रबोध व्यास को पार्टी ने किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष के पद से नवाजा है। लेकिन ननि के चुनाव में वह भाजपा की ओर से महापौर पद के प्रत्याशी रहे। जिनका चुनाव के दौरान कांग्रेस से प्रत्याशी रहे अजय मिश्रा बाबा का मतदाताओं को लुभाने के लिए काफी आमना-सामना हुआ। लेकिन कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी रहे अजय मिश्रा बाबा ने जनता से तैतीस वादे कर जीत हासिल कर ली। उन्हीं वादों को याद दिलाते हुये भाजपा से महापौर प्रत्याशी रहे प्रबोध व्यास ने रीवा विधायक पर कसे गये तंज पर पलटवार करते हुये कहा कि कांगे्रस महापौर को चार माह हो गये लेकिन जनता से किया गया एक भी वादा पूरा नहीं किया। महापौर ने कहा था कि उनके महापौर बनते ही जनता पर लगने वाले टैक्स में 40 प्रतिशत टैक्स माफ किया जायेगा। 24 घंटे नलों में पानी आयेगा शहर की जनता पानी बिना परेशान नहीं होगी। चार माह गुजर गये न तो टैक्स में ही छूट मिली और न ही 24 घंटे जनता को पानी उपलब्ध करवा पाये। हां इतना जरुर हुआ कि जो शहर स्वच्छता पर इनाम पाता रहा वह कांगे्रस के महापौर के कार्यकाल में गंदगी में जरुर प्रथम स्थान हासिल करेगा। शहर के बाहरी वार्ड में लोग खुले शौच को जा रहे। शहर के कई ऐसे वार्ड है जहां कचड़ा गाड़ी नहीं जा रही है। नाली हो या फिर सड़क अपनी दुर्दशा पर आंसू बहा रहे हैं।

कांग्रेस ने विकास की जगह विनाश के कार्य किये हैं

किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष एंव महापौर प्रत्याशी प्रबोध व्यास ने तो कांग्रेस महापौर अजय मिश्रा बाबा को  चुनाव द्वारा किये गये वादे तो याद दिलाया ही। भाजपा जिला कार्य समिति के सदस्य उपेंद्र चंद्र दुबे ने तो कहा कि कांग्रेस की सरकार ने विकास की जगह विनाश का कार्य किया है। चाहे वह दिग्विजय सिंह की सरकार का कार्यकाल हो या फिर कमलनाथ की सरकार का। नगर निगम में जब से कांग्रेस के महापौर ने कब्जा किया तब से नगर निगम नरक निगम बनने की ओर अग्रसर है। कमलनाथ की सरकार ने रीवा के सारे विकास कार्यो को रोक दिया था। जिसे शिवराज सिंह चौहान की सरकार बनते ही रीवा विधायक राजेंद्र शुक्ला ने शुरु करवाया। रीवा के कांग्रेस महापौर अजय मिश्रा बाबा भी कमलनाथ की राह पर चल शहर वासियों के साथ सौतेला व्यवहार कर रहे है। जिन वार्डो में भाजपा के प्रत्यासियों ने जीत हासिल की है उन वार्डो को महापौर उपेक्षा की नजर से देखते है। यही वजह है कि भाजपा पार्षद वार्डो में विकास  को लेकर एक भी काम नहीं हुये और कांग्रेस पार्षद के वार्डो पर विकास कार्य किये जा रहे हैं। कुछ ऐसे भी कांग्रेस पार्षद है जो प्रापर्टी डीलिंग का काम करते हैं और उनके प्लाटों तक पहुंचने के लिए सड़क का कार्य स्वीकृत कर दिया गया है।

No comments

Post a Comment

Don't Miss
©|Rahiye Update| All Rights Reserved