कार में लाश होने की सूचना पर दौड़ी पुलिस, वाहन का शीशा तोड़ते ही पुलिस की हुई मौज, जानिए कैसे

Thursday, 8 December 2022

/ by BM Dwivedi


विश्वविद्यालय थाने के जनता कॉलेज के समीप लावारिस हालत में खड़ी थी कार

रीवा। संदिग्ध अवस्था में खड़ी कार में युवक की लाश होने की सूचना पर जब पुलिस मौके पर पहुंची तो  उसकी मौज हो गई।  दरअसल पुलिस को एक दिन पूर्व चोरी हुई कार में आरोपी सोता हुआ मिल गया। पुलिस ने शीशा तोड़ कर उसे जगाया और पूछताछ के लिए थाने ले आई। उससे अब घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है। विश्वविद्यालय थाने के जनता कॉलेज के समीप एक कार लावारिस हालत में खड़ी हुई थी जिसके ऊपर से कवर ढका हुआ था। काफी देर तक जब उस कार को लेने के लिए कोई नहीं आया स्थानीय लोगों ने कवर हटा कर देखा तो एक युवक की लाश नजर आई। उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी जिस पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने कार के अंदर सो रहे युवक के शरीर में हरकत देकर उसे जगाने का प्रयास किया लेकिन ग्लास बंद होने से वह नहीं जग रहा था। पुलिस ने गाड़ी का शीशा तोड़कर दरवाजा खोला और उसे बाहर निकाल लिया। उक्त कार एक दिन पूर्व समान थाने के नेहरू नगर से चोरी हुई थी। रिटायर्ड आर्मीमैन के कार आरोपी लेकर चंपत हो गए थे जिस पर समान थाने में मामला पंजीबद्ध किया गया था।

इसे भी देखें :रीवा न्यायालय परिसर से चोरों ने एक दिन में उड़ाई तीन बाइकें, जानिए क्यों लगातार हो रही वारदात
नशे की हालत में एक आरोपी कार के अंदर ही सो गया 
पकड़े गए आरोपी को पूछताछ के लिए पुलिस थाने ले आई। उसने घटना में कुछ अन्य आरोपियों के शामिल होने की जानकारियां दी हैं जिसकी पुलिस तलाश कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि तत्काल पुलिस की नाकाबंदी होने से आरोपी कार को लेकर शहर के बाहर नहीं निकल पाए और उन्होंने जनता कॉलेज के समीप उसे छुपा दिया। नशे की हालत में एक आरोपी कार के अंदर ही सो गया था। थाना प्रभारी सुनील कुमार गुप्ता ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। घटना में 3 लोगों के शामिल होने की जानकारी सामने आई है। उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

इसे भी देखें : पुलिस की नौकरी खाने में तुले वाहन चोर, नाकामी पर एएसपी ने एक को किया निलंबित

वाहन चोरी की अन्य घटनाओं की मिली जानकारी

पकड़े गए आरोपी ने शहर के भीतर हुई फोरव्हीलर वाहन चोरी की घटनाओं से जुड़ी अहम जानकारियां दी हैं। यह गिरोह काफी समय से वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था। पकड़े गए आरोपी ने प्रारंभिक पूछताछ में कई घटनाओं का खुलासा किया है जिसके संबंध में भी पुलिस जानकारी देने से बच रही है। पुलिस जल्द वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा कर वाहनों को बरामद करने का प्रयास कर रही है।

No comments

Post a Comment

Don't Miss
©|Rahiye Update| All Rights Reserved