MP Election: विंध्य में बागी बिगाड़ रहे सियासी समीकरण, कांग्रेस और भाजपा दोनों में बगावत

Thursday, 19 October 2023

/ by BM Dwivedi

 


रहिये अपडेट, भोपाल। विंध्य में विधानसभा चुनाव के ऐन पहले लगातार हो रही बगावत से सियासी समीकरण बदल रहे हैं। बागी कांग्रेस और भाजपा दोनों की चुनावी चाल को प्रभावित कर सकते हैं। इन नेताओं की सियासत अंचल की चार सीटों सहित आसपास के क्षेत्रों को प्रभावित कर सकती है। अंचल में जातिवाद हमेशा से प्रभावी रहा है। सिद्धार्थ तिवारी और गुनौर से कांग्रेस के पूर्व विधायक फुन्दर चौधरी ने बुधवार को भाजपा ज्वॉइन कर ली। वहीं, अभय मिश्रा बदली परिस्थितियों के चलते फिर से कांग्रेस पर डोरे डाल रहे हैं। इससे पहले कांग्रेस के पूर्व विधायक यादवेंद्र सिंह नागौद, भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुभाष शर्मा ​​को चित्रकूट और सतना में भाजपा से दावेदार रहे रत्नाकर चतुर्वेदी बसपा का टिकट ले चुके हैं। 

Also Read:MP: रीवा के कांग्रेस नेता सिद्धार्थ तिवारी ने ली भाजपा की सदस्यता, कांग्रेस के दिग्गज नेता स्व. श्रीनिवास तिवारी के हैं पोते

सिद्धार्थ ने तोड़ा कांग्रेस से नाता 
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्रीनिवास तिवारी के पोते सिद्धार्थ तिवारी को सीएम शिवराज सिंह व प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने भाजपा ज्वॉइन कराई। तिवारी परिवार का पीढ़ियों से कांग्रेस से नाता रहा है। सिद्धार्थ त्योंथर सीट से कांग्रेस में दावेदारी कर रहे थे। वे पूर्व में कांग्रेस से रीवा लोकसभा चुनाव हार चुके हैं। भाजपा सिद्धार्थ को टिकट देकर विंध्य को प्रभावित कर सकती है।

अभय मिश्रा ने छोड़ी भाजपा
रीवा क्षेत्र में अभय मिश्रा कद्दावर माने जाते हैं। पत्नी नीलम भाजपा से विधायक रही हैं। अभय की सियासी अदावत मंत्री राजेंद्र शुक्ल से है। इस कारण अभय ने पहले भाजपा छोड़कर कांग्रेस ज्वॉइन की थी। कुछ अरसे पहले ही वापस कांग्रेस छोड़ भाजपा में आ गए थे। शुक्ल के मंत्री बनने के बाद से असहज हैं। बुधवार को भाजपा से इस्तीफा दे दिया है।

केदार निर्दलीय ठोंक सकते हैं ताल 
सीधी जिला मुख्यालय की इस सीट पर भाजपा ने सांसद रीति पाठक को टिकट दिया है। इससे केदार शुक्ला नाराज हैं। केदार ने वीडियो जारी कर कहा कि इस बार भाजपा जिले की चारों विधानसभा सीट हार रही है। मेरे कार्यकर्ता साथ रहेंगे। जो कार्यकर्ता भाजपा प्रत्याशी के साथ चल रहे हैं, वे घूमेंगे भाजपा के साथ, प्रचार मेरा करेंगे।

नारायण को कांग्रेस से उम्मीद 
भाजपा ने नारायण त्रिपाठी की मैहर सीट पर टिकट काटकर श्रीकांत चतुर्वेदी को उतारा है। बागी नारायण ने भाजपा को छोड़कर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। वे कांग्रेस से चुनाव लड़ सकते हैं। वे यहां से निर्दलीय, कांग्रेस-भाजपा व सपा से जीत चुके हैं। वे विंध्य प्रदेश की मांग कर रहे हैं। विंध्य जनता पार्टी का गठन किया। मैहर जिले में प्रभाव रखते हैं।

No comments

Post a Comment

Don't Miss
©|Rahiye Update| All Rights Reserved