रहिये अपडेट, दतिया। मध्यप्रदेश के दतिया जिले में इंदरगढ दतिया के गांव की चौपाल पर चल रही चुनावी बहस में मामला इतना बढ़ गया कि एक हथियारबंद व्यक्ति ने 23 साल के युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना शुक्रवार शाम करीब 7 बजे की है। वारदात के बाद आरोपी भाग गया। हत्या के पीछे कारण पुरानी रंजिश बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक चीना गांव का रविंद्र पिता बृजमोहन सिंह राठौर चौपाल पर चल रही चुनावी चर्चा में शामिल था। यहां किसी मुद्दे पर बहस बढ़ गई। इसी दौरान एक व्यक्ति ने रविंद्र को गोली मार दी। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज शुरू होने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया। थरेट पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उसकी तलाश चल रही है।
गांव में सन्नाटा, कोई बोलने को तैयार नहीं
थरेट पुलिस का कहना है कि घटना के बाद से गांव में सन्नाटा पसरा है। कोई भी ग्रामीण डर की वजह से आरोपी का नाम बताने को भी तैयार नहीं है। चौपाल पर राजनीतिक बहस के साथ पुरानी रंजिश भी थी। इसी में हत्या की गई है।
No comments
Post a Comment