रहिये अपडेट, चुनाव डेस्क। मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग की प्रक्रिया संपन्न हो चुकी है। 17 नवंबर को हुए मतदान में राज्य की 230 विधानसभा सीटों पर रिकॉर्ड 76.22 फीसदी वोटिंग हुई है। ये आंकड़ा पिछले चुनाव से भी ज्यादा है, साल 2018 के चुनाव में 75.63% वोटिंग दर्ज हुई थी। इस चुनाव में सबसे ज्यादा वोटिंग 85.68% सिवनी जिले में हुई। छुटपुट घटनाओं के साथ शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। लोकतंत्र के इस महापर्व के लिये सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। जिसके चलते लोगों ने निडर होकर मतदान किया। इस चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग कर महिलाओं ने जिले में नया इतिहास रच दिया है। पहली बार ऐसा हुआ है कि रीवा एवं मऊगंज जिलों की आठ सीटों में सात में महिलाएं वोटिंग करने के मामले में आगे निकल गई हैं। दोनों जिलों में 66.94 प्रतिशत वोटिंग हुई। जिसमें महिलाओं का प्रतिशत 69.80 प्रतिशत रहा तो पुरुषों का 6.32 रहा है। सुबह से ही देर शाम तक मतदान की प्रक्रिया चली। दोनों की जिलों में कहीं से भी अप्रिय घटनाओं की सूचनाएं नहीं हैं। प्रशासनिक अधिकारियों के साथ प्रेक्षक भी भ्रमण पर रहे। मतदान को लेकर हर वर्ग में उत्साह देखा गया। महिलाओं के साथ ही युवाओं और बुजुर्गों में मतदान को लेकर प्रसन्नता देखी गई। केन्द्रों में कई ऐसे लोग भी पहुंचे जो शारीरिक रूप से कमजोर थे फिर भी वह मतदान करने पहुंचे और दूसरों के लिए प्रेरणा बने।
मॉकपोल के बाद प्रात: 7 बजे से मतदान हुआ आरंभ
मतदान शुरू करने से पहले मॉकपोल किया गया, इस दौरान ईवीएम मशीनों की जांच की गई। मॉकपोल के बाद प्रात: 7 बजे से मतदान आरंभ हुआ। जिला निर्वाचन अधिकारी प्रतिभा पाल तथा पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह ने मतदान के समय समस्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित की। मतदान के दौरान भारत तिब्बत सीमा पुलिस अर्द्धसैनिक बलों की 19 कंपनियां जिले भर में तैनात रहीं। इनके अलावा नगर सेना के 1600 जवान, जिला पुलिस बल के 1200 से अधिक जवान तथा विशेष पुलिस अधिकारी के रूप में वन विभाग के कर्मचारी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता तथा कोटवार तैनात रहे। चुनाव में निगरानी और समन्वय के लिए कंट्रोल रूम बनाया गया था। जहां से हर दो घंटे के बाद मतदान का प्रतिशत भी जारी किया गया। कंट्रोल रूम में आने वाली सूचनाएं संबंधितों तक पहुंचाई गई।
Also Read:Rewa: चुनाव ड्यूटी में लगे वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने लगाया जाम
जिले भर में बदले गए 20 ईवीएम
मतदान के दौरान कई स्थानों पर ईवीएम में खराबी भी आई। जिसकी वजह से सूचना के बाद परीक्षण कराया गया और बदला भी गया। रीवा विधानसभा सीट पर सात जगहों पर ईवीएम को बदला गया। इसी तरह से दूसरे विधानसभा क्षेत्रों में भी खराबी की सूचना आई। इस वजह से जिले भर में 20 जगह ईवीएम को बदला गया।
अधिकारियों ने भी किया मतदान
मतदान के इस उत्सव में अधिकारियों ने भी अपने मताधिकारी का प्रयोग किया। संभागायुक्त, कलेक्टर, एसपी, जिला पंचायत सीईओ और नगर निगम आयुक्त सहित अन्य अधिकारियों ने मताधिकारी का प्रयोग किया। कई प्रत्याशियों का नाम दूसरे विधानसभा क्षेत्रों में था, इसलिए वह भी मतदान के लिए पहुंचे।
देर रात तक जमा कराई गई ईवीएम
मतदान कराने गए कर्मचारियों की टीम देर रात तक वापसी करती रहीं। इनके ईवीएम और दूसरी सामग्री को जमा कराने के लिए इंजीनियरिंग कालेज में व्यवस्था की गई थी। जहां पर जिला निर्वाचन अधिकारी प्रतिभा पाल भी पहुंची थी। उन्होंने कर्मचारियों से मतदान को लेकर चर्चा की। ईवीएम जमा कराने के लिए अधिकारियों की अलग से ड्यूटी लगाई गई थी। देर रात तक यह प्रक्रिया चलती रही। बताया गया है कि कई स्थानों पर वाहनों में एकत्र होकर आते समय वाहनों में खराबी आने के चलते कर्मचारियों को परेशानी भी उठानी पड़ी है। जानकारी मिली है कि कुछ कर्मचारियों की देर शाम तबियत भी खराब हो गई थी जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके लिए इंजीनियरिंग कालेज परिसर में चिकित्सकों की ड्यूटी भी लगाई गई थी ताकि किसी तरह की समस्या पर मदद की जा सके।
प्रत्याशियों ने जताया जनता का आभार
शांतिपूर्ण मतदान की प्रक्रिया संपन्न होने के बाद प्रत्याशियों ने जनता के प्रति आभार ज्ञापित किया है। रीवा से प्रत्याशी राजेन्द्र शर्मा, राजेन्द्र शुक्ला, दीपक पटेल, गुढ़ से कपिध्वज सिंह, नागेन्द्र सिंह, मऊगंज से सुखेन्द्र सिंह बन्ना, त्योंथर से रमाशंकर पटेल, सिद्धार्थ तिवारी, सिरमौर से दिव्यराज सिंह सहित अन्य ने आभार जताया है।
सबका ध्यान रखने वाली हो सरकार
मतदान करने पहुंचे युवाओं ने कहा कि वह चाहते हैं प्रदेश में अच्छी सरकार रहे। ऐसी सरकार हो जो उनके भविष्य का ध्यान रखे। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य मूलभूत जरूरतों को पूरा करने वाली हो। पहली बार मतदान करने वाले युवाओं ने कहा कि महंगाई से राहत मिले और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने वाली सरकार होना चाहिए।
No comments
Post a Comment