रहिये अपडेट, मऊगंज। सोशल साइट के जरिये हुई मोहब्बत के बाद महबूब से मिलाने की बेताबी में महबूबा उससे मिलने गुजरात पहुंच गई। लेकिन जब अपने आशिक के घर पहुंची तो उसकी माली हालत देख प्रेमिका के सिर से प्यार बुखार गायब हो गया। युवक के घर की हालत देखकर दो दिन तक किशोरी ने खाना नहीं खाया था जिसकी वजह से उसको डीहाईडे्रशन हो गया। घर से भागी किशोरी की लोकेशन ट्रेस कर गुजरात पहुंची पुलिस ने उसे बरामद कर लिया।
दवाई कराकर वापस लाई पुलिस
जानकारी के मुताबिक मऊगंज जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र की किशोरी सप्ताहभर पूर्व अचानक लापता हो गई थी। पुलिस ने शिकायत पर अपहरण का केस दर्ज कर तलाश शुरू की। थाना प्रभारी जगदीश सिंह ठाकुर ने साइबर सेल की सहायता से उसका लोकेशन ट्रेस किया तो वह गुजरात के गांधी नगर में मिला। जिसके बाद तत्काल शाहपुर थाने से पुलिस टीम उसकी तलाश में गांधीनगर गुजरात पहुंच गई। लोकेशन के आधार पर पीड़िता के पास पहुंची पुलिस भी उसकी हालत देखकर हैरान रह गई। वह काफी बीमार थी, पुलिस ने उसकी दवाई करवाई और बाद में उसे वापस मऊगंज लेकर आई। किशोरी के सकुशल मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली है।
चैटिंग के दौरान करता था बड़ी-बड़ी बातें
बताया गया कि गांधी नगर के युवक ने किशोरी से चैटिंग के दौरान बड़ी-बड़ी बातें करता था। उसकी बातों पर आकर किशोरी गुजरात पहुंच गई, लेकिन उसके घर की माली हालत देखा तो उसके हलक से निवाला नहीं उतरा। युवक का घर बहुत गंदगी में था। पिता की मानसिक स्थिति खराब थी और भाई दिव्यांग था। परिवार किसी तरह अपना गुजारा कर रहा था। घर की हालत देखकर पीड़िता दो दिन तक खाना नहीं खाई।
बच्चों पर नजर रखने की आवश्यकता
सोशल साइट पर अक्सर इस तरह की झूठी जानकारी देकर लोगों को अपने जाल में फंसा लेते हैं। अनजाने में नासमझ बच्चे झांसे में आ जाते हैं। सोशल साइट पर समय बिताने वाले बच्चों को इस संबंध में जागरूक करना होगा। साथ ही फ्रेंड पर भी नजर रखने की आवश्यकता है। हम जितना बच्चों को सही जानकारी देंगे उतना ही उनके किसी तरह की घटना का शिकार होने की संभावना कम होगी।
No comments
Post a Comment