रहिये अपडेट, भोपाल। मध्यप्रदेश में इन दिनों भीषण ठंड पड़ रही है। घने कोहरे और धुंध ने पूरे प्रदेश के मौसम का मिजाज बिगाड़ दिया है। कहीं-कहीं पर बारिश के साथ बूंदाबांदी की स्थिति भी बन रही है, वहीँ दिनभर चल रही सर्द हवाओं से दिन में भी काफी अधिक ठंड पड़ रही है। रात के समय तो हाड़ कंपा देने वाली सर्दी पड़ रही है। वरिष्ठ मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक पिछले 23 वर्षों में पहली बार मौसम का यह रूप देखने को मिल रहा है। प्रदेश में तो कई जगहों पर दिन-रात के तापमान में मामूली अंतर है। यह फासला महज 2 से 3 डिग्री का ही रह गया है। मौसम विज्ञानी एसएन साहू की माने तो 11 जनवरी के बाद मौसम के तेवर थोड़े नरम पड़ेंगे और ठंड से कुछ राहत मिलेगी।
कई जगहों पर दृश्यता भी 50 मीटर
प्रदेश में शनिवार को भी अधिकांश स्थानों पर घाना कोहरा छाया रहा। कई शहरों में सुबह 6 बजे तक विजिबिलिटी 50 मीटर रही, इसी प्रकार रीवा, सागर, गुना में भी विजिबिलिटी 50 मीटर के करीब रही। इसी प्रकार प्रदेश अधिकांश शहरों में घना से मध्यम कोहरा रहा। सबसे ज्यादा ठंड गुना में पड़ रही है। यहां अधिकतम तापमान 15.5 तो न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री रहा। इस तरह की स्थिति कई शहरों में रही, जहां अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री का अंतर रहा।
8 से एक और पश्चिमी विक्षोभ
मौसम विज्ञानी साहू मुताबिक इस समय वातावरण में नमी बहुत अधिक है। अभी एक ऊपरी हवा का चक्रवात उप्र में बना हुआ है, इसी प्रकार गुजरात से पूर्वी मप्र और पूर्वी उप्र तक एक ट्रफ लाइन बनी हुई है। इसके कारण बड़ी मात्रा में नमी आ रही है। अनेक स्थानों पर 600 मीटर की ऊंचाई पर निम्न बादल बने हुए हैं। अभी मौसम का मिजाज 10 जनवरी के बाद तक इसी तरह रहने की संभावना है। 8 जनवरी को एक और पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है, अगर इसका असर होता है तो इसके गुजरने के बाद ही मौसम में सुधार आ सकता है।
No comments
Post a Comment