रहिये अपडेट, सीधी। चुनावी सभा को संबोधित करने पहुंचे नेता जी उस वक्त खफा हो गए जब उन्होंने देखा कि उन्हें सुनने के लिए भीड़ ही नहीं जुटी हुई है। मामला जिले के धौहनी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हिनौता का है। यहां महखोर में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करने पहुंचे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष वं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव बिना सभा किये ही लौट गए। अखिलेश यादव शुक्रवार दोपहर करीब 12.24 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और वह हैलीपेड से बाहर ही नहीं आए और वहीं से 12.46 बजे वापस रवाना हो गए। पार्टी सूत्रों के मुताबिक सभा स्थल में भीड़ न होने से वे काफी नाराज हुए और कार्यक्रम प्रभारी सहित पदाधिकारियों को जमकर फटकार लगाई।
पांच हजार लोगों के लिए थी व्यवस्था
जानकारी के मुताबिक कार्यक्रम स्थल में बड़ा पंडाल लगाया गया था। मंच भी सजाया गया था। सपा पदाधिकारियों के अनुसार आमजनों के बैठने के लिए करीब 5 हजार कुर्सियों की व्यवस्था की गई थी, लेकिन सभी कुर्सियां खाली पड़ी हुई थी।
क्षेत्र में नहीं हो पाया प्रचार प्रसार
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आगमन का पार्टी पदाधिकारियों द्वारा क्षेत्र में व्यापक प्रचार प्रसार नहीं किया गया था। शायद इसी वजह से कार्यक्रम स्थल में लोगों की संख्या न के बराबर रही। इतना बड़ा पंडाल सजने के बावजूद आस-पास के लोगों को जानकारी नहीं थी कि यहां सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष आ रहे हैं। वहीं व्यास जी गोड़, पूर्व मंत्री उप्र एवं कार्यक्रम प्रभारी के मुताबिक प्रशासनिक लापरवाही की वजह से भीड़ जुट नहीं पाई। हेलीकाप्टर उतरने की अनुमति गुरुवार की शाम करीब 7 बजे दी गई। समय कम होने के कारण उनके आगमन का प्रचार-प्रसार नहीं हो पाया। प्रशासन नहीं चाहता था कि सपा प्रमुख की मप्र में सभा हो।
No comments
Post a Comment