रहिये अपडेट, रायपुर। काफी कश्मकश के बाद आख़िरकार छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री का फैसला हो गया है। भाजपा के वरिष्ठ आदिवासी नेता विष्णु देव साय छत्तीसगढ़ के अगले मुख्यमंत्री होंगे। इसके अलावा छत्तीसगढ़ में दो डिप्टी CM अरुण साव और विजय शर्मा होंगे। भाजपा हाईकमान के फैसले के बाद विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री पद पर सहमति की औपचारिकता की गई। भाजपा पदाधिकारियों के मुताबिक रविवार को पार्टी पर्यवेक्षकों की उपस्थिति में नवनिर्वाचित बीजेपी विधायकों के दल ने विष्णु देव साय को अपना नेता चुना। बताया गया है कि राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने साय के नाम का प्रस्ताव रखा जिस पर प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव और वरिष्ठ नेता बृजमोहन अग्रवाल ने सहमति दी।
पहली बार आदिवासी मुख्यमंत्री
भाजपा पदाधिकारियों के मुताबिक पार्टी के नव निर्वाचित विधायकों की बैठक दोपहर बाद आयोजित की गई, जिसमें पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, सर्बानंद सोनोवाल तथा पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत कुमार गौतम उपस्थित रहे। बतादें कि यह पहला अवसर है जब छत्तीसगढ़ राज्य की कमान किसी आदिवासी नेता को सौंपी गई है।
दो बार छत्तीसगढ़ राज्य के भाजपा अध्यक्ष भी रहे
छत्तीसगढ़ राज्य के होने वाले मुख्यमंत्री विष्णु देव साय वर्तमान में कुनकुरी विधानसभा सीट से विधायक हैं। साय पूर्व प्रधानमंत्री अटलबिहारी के कार्यकाल में केंद्रीय इस्पात राज्य मंत्री रहे हैं। 2014 से 2016 तक वो केंद्र में मंत्री रहे थे। विष्णु देव दो बार छत्तीसगढ़ राज्य के भाजपा अध्यक्ष भी रहे हैं। इसके अलावा वो 1999 से 2019 तक रायगढ़ से सांसद रहे हैं।
No comments
Post a Comment