रहिये अपडेट, उज्जैन। महाकाल की नगरी उज्जैन में हैवानियत का शिकार हुई मानसिक रूप से कमजोर युवती कहने को तो जिन्दा है लेकिन, वह पूरी तरह से टूट चुकी है। इस वहशीपन के बाद वह हर आहट से डर जाती है। इंदौर के एमटीएच अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है। गुरुवार को उज्जैन पुलिस ने आरोपी ऑटो रिक्शा चालक को गिरफ्तार किया। राष्ट्रीय बाल संरक्षण आयोग की डॉ. दिव्या गुप्ता इंदौर के एमटीएच अस्पताल पहुंचीं और कहा कि, बच्ची से अनावश्यक लोगों को न मिलने दिया जाए। और वीडियो बनाने वालों पर भी कार्रवाई हो। उज्जैन एसपी सचिन शर्मा के मुताबिक बच्ची 24 सितंबर को सतना से निकली और रात 3 बजे उज्जैन पहुंची। 25 सितंबर सुबह 3.50 बजे मुख्य आरोपी भरत सोनी ने जीवनखेड़ी में उसके साथ बलात्कार किया और भाग गया। सुबह 6 बजे ऑटो चालक राकेश मालवीय ने उसे अर्धनग्न हाल में देखकर शर्ट दी। फिर उसे तिरुपति ड्रीम्स में छोड़ दिया। बच्ची मूलत: सतना जिले के जैतवारा की है।
खगाले गए 1000 से ज्यादा सीसीटीवी के फुटेज
पीड़िता का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने 6 संदिग्ध ऑटो रिक्शा चालकों से पूछताछ की। मुरलीपुरा क्षेत्र, जीवनखेड़ी, सांवराखेड़ी के 1000 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे। 100 से ज्यादा बदमाशों से पूछताछ की। रहवासियों से जानकारी ली। इसके बाद आरोपी भरत सोनी तक पहुंचे। उससे पूछताछ में अपराध कबूल लिया।
तीन घंटे बदहवास भटकती रही युवती
25 सितंबर को सुबह 10.30 बजे डॉयल 100 पर मिली सूचना पर पुलिस को मानसिक रूप से कमजोर बच्ची बदहवास हालत में महाकाल थाना क्षेत्र के दंडी आश्रम के पास मिली थी। वह खून से सने आधे-अधूरे कपड़ों में सांवराखेड़ी सिंहस्थ बायपास की कॉलोनियों में तीन घंटे तक भटकती रही। करीब 8 किमी घूमने के बाद दंडी आश्रम तक पहुंची। यहां कपिल बैरागी, दंडी आश्रम के राहुल शर्मा ने उसे रोककर मदद की। फिर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बालिका को जिला अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद उसे इंदौर रैफर किया गया। उसकी आंतों में गहरे घावों की बाद में सर्जरी की गई। पुलिस का कहना है, वह खतरे से बाहर है।
Also Read:MP: कर्ज से परेशान होकर लिव इन पार्टनर और दो बच्चों की हत्या कर खुद फंदे पर लटका
आरोपी को पकड़ने में घायल हुई पुलिस
आरोपी भरत सोनी से घटनास्थल की पहचान के लिए पुलिस उसे लेकर गुरुवार शाम जीवनखेड़ी पहुंची। इसी बीच आरोपी दीवार फांदकर भागने की कोशिश में गड्ढे में गिरकर घायल हो गया। उसने पुलिस पर पथराव भी किया, लेकिन पुलिसकर्मियों ने धरदबोचा। उसे पकड़ने में दो पुलिसकर्मी घायल भी हो गए।
No comments
Post a Comment